झुंझुनू: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 15 प्रतिशत बढ़ी हुई राशि लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरण (डीबीटी) की गई। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 88.44 लाख लाभार्थियों के खाते में 1037 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी की तो सभागार तालियों से गूंज उठा। एक अप्रैल 2024 से पेंशन राशि एक हजार रुपए से बढ़ाकर 1150 रुपए कर दी गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- झुंझूनूं जवान और किसानों की पावन भूमि है। हमने पेंशन बढ़ाने का वादा किया था, यह वादा पूरा हुआ। खुशी है कि बढ़ी हुई राशि झुंझनूं की धरती से गई है। इस राशि से जरूरतमंद अपनी बुनियादी आवश्यकता को पूरा कर सकेंगे। उन्हें आर्थिक रूप से संबल मिलेगा।

उन्होंने कहा- आने वाले समय में चरणबद तरीके से पेंशन और बढ़ाएंगे। हम गरीब को गणेश मानकर जनता के बीच बैठे हैं। हमारी सरकार जरूरतमंदों के साथ खड़ी है। उन्हें सशक्त बना रही है। हमारी सरकार ने कहा था कि आने वाले समय में सिलेंडर 450 रुपए देिंगे। 1जनवरी से 73 लाख बहनों को सिलेंडर दिए। पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाई है। आने वाले दिनों में यह राशि भी किसानों के खाते में आने वाली है।

सीएम ने कहा- हमने गेहूं की एमएसपी में 125 रुपए बढ़ाए हैं। यमुना के पानी के लिए हमने समझौता किया है, इस पर जल्द काम पूरा होगा। यमुना का पानी लेकर आएंगे। इसे लेकर लोग गुमराह कर रहे हैं। हर हाल में यमुना जल समझौता पूरा होगा। शेखावाटी में जल्द ही यमुना का पानी आएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा- उन्होंने इस देश को तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया है। हमें ऐसे लोगों से सचेत रहना होगा।

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में शामिल होने दोपहर 1.30 बजे के करीब झुंझनूं पहुंचे। यहां केशव आदर्श विद्या मंदिर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद किया। अन्य जिलों के लाभार्थी वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े थे।

लाभार्थी से सीएम ने कहा- चेहरे से खुश लग रही हो- झुझुनूं के प्रोग्राम में मौजूद लाभार्थी पारुल दीक्षित से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने पूछा- कितनी राशि मिल रही थी? आपको पता है?, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1000रुपए मिल रहे थे, अब आपकी राशि बढ़ा दी गई है। खुश हो? पारूल ने कहा- बहुत खुश हूँ। सीएम ने कहा-यह आपके चेहरे ही लग रहा है। झुंझनूं की ही एक लाभार्थी कमला से भी सीएम ने संवाद किया।

मंच पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जिला प्रमुख हर्शनी कुल्हरी,भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया, विधायक विक्रम जाखल, विधायक धर्मपाल गुर्जर, बबलू चौधरी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, मुकेश दाधीच, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया मौजूद थे। मंच पर प्रमुख शासन सचिव कुलदीप रांका भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा- राजस्थान के 8 करोड़ लोगों के विकास की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने ली है। प्रदेश में विकास के नए आयाम रचे जा रहे हैं। मैं झुंझुनूं आया तब यहां के कुछ मुद्दे मेरे संज्ञान लाए गए। मैंने मुख्यमंत्री को अवगत करवा दिया है। चाहे झुंझुनूं का शौर्य उद्यान हो, जिले के सभी मुद्दों से मुख्यमंत्री को अवगत करवा दिया है। हमारी सरकार बुजुर्गों, छात्रों, गरीब के कल्याण का काम कर रही है। हम सबका साथ- सबका विकास की नीति के साथ विकास कर रहे हैं। इससे पहले झुंझुनूं हेलीपेड पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!