उपखंड मुख्यालय पर रविवार दोपहर बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रबुद्धजन गोष्ठी का आयोजन किया गया। स्व आधारित भारत का नवोत्थान विषय पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य वक्ता आरएसएस के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्याम मनोहर थे।
मुख्य वक्ता श्याम मनोहर ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए बताया कि स्वाधीनता प्राप्ति के उपरांत एक राष्ट्र के रूप में हमने अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभर रही है। भारत के सनातन मूल्यों के आधार पर होने वाले नवोत्थान को विश्व स्वीकार कर रहा है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की अवधारणा के आधार पर विश्व शांति, विश्व बंधुत्व और मानव कल्याण के लिए भारत अपनी भूमिका निभाने के लिए अग्रसर है।
श्याम मनोहर ने बताया कि इस बात को रेखांकित करना जरूरी हो जाता है कि जहाँ अनेक देश भारत की ओर सम्मान और सद्भाव रखते हैं, वहीं भारत के ‘स्व’ आधारित इस पुनरुत्थान को विश्व की कुछ शक्तियाँ स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। हिंदुत्व के विचार का विरोध करने वाली देश के भीतर और बाहर की अनेक शक्तियाँ निहित स्वार्थों और भेदों को उभार कर समाज में परस्पर अविश्वास, तंत्र के प्रति अनास्था और अराजकता पैदा करने हेतु नए-नए षड्यंत्र रच रही हैं। हमें इन सबके प्रति जागरूक रहते हुए उनके मंतव्यों को भी विफल करना होगा।
जलदाय विभाग के पीछे एमआरएस प्रणामी स्कूल में आयोजित गोष्ठी में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ के जिला संपर्क प्रमुख कर सलाहकार महेंद्र यादव द्वारा किया गया।
गोष्ठी में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला संघ चालक अनिल गुप्ता, झुंझुनू विभाग कार्यवाहक पवन दाधिच, विभाग सामाजिक सद्भाव कार्य प्रमुख धर्मेन्द्र यादव, विभाग सम्पर्क प्रमुख पवन शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया, नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, पार्षद मदन डारा, रविकांत शर्मा, मुकेश जलिन्द्रा, सुनील सिद्धड़, नरेन्द्र सिंह, संजय शर्मा, संत कुमार, महेन्द्र सैनी, श्यामलाल चेजारा, जितेन्द्र वर्मा, अनिल दाधिच, विनोद वर्मा, विकास गुप्ता, मोहन सैनी, नगर प्रचारक अभिषेक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।