पाकिस्तान चुनाव 2024: आईपीपी तरीन और पीटीआई-पी खट्टक ने राजनीति छोड़ी, जेआई प्रमुख ने अपने पद से इस्तीफा दिया

पाकिस्तान चुनाव 2024: पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद जहां एक तरफ जीते हुए उम्मीदवार सीटें छोड़ रहे हैं, वहीं हारी हुई पार्टियों के नेताओं ने भी इस्तीफे देना शुरू कर दिया है. पाकिस्तान में 8 फरवरी को आम चुनाव हुए हैं. अब कई राजनीतिक दलों ने चुनाव में अपनी-अपनी पार्टियों के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए राजनीति छोड़ने की घोषणा की. इसमें आईपीपी प्रमुख जहांगीर खान तरीन और पीटीआई-पी के अध्यक्ष परवेज खट्टक शामिल हैं. दोनों राजनेताओं ने सोमवार (12 फरवरी) को राजनीति छोड़ने की घोषणा की. इसके अलावा जेआई प्रमुख सिराजुल हक ने कहा वह पार्टी प्रमुख पद से इस्तीफा दे देंगे.

इस्तेहकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी (आईपीपी) के तरीन, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ-पार्लियामेंटेरियन (पीटीआई-पी) के खट्टक और जमात-ए-इस्लामी (जेआई) के हक का यह फैसला आम चुनाव में उनकी अपनी पार्टियों को भारी हार का सामना करने के बाद आया.

“मेरा समर्थन करने वालों का धन्यवाद”

तरीन ने कहा, ‘‘मैं इस चुनाव में मेरा समर्थन करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं और अपने विरोधियों को बधाई देना चाहता हूं. पाकिस्तान के लोगों की इच्छा के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है. इसलिए, मैंने आईपीपी के अध्यक्ष के रूप में अपने पद से इस्तीफा देने और राजनीति से पूरी तरह दूर जाने का फैसला किया है.’’

राजनीति से छुट्टी- खट्टक

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी माने जाने वाले तरीन की नवगठित पार्टी ने नेशनल असेंबली की केवल दो सीट जीतीं. उनकी पार्टी ने एक प्रांतीय विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल की. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, परवेज खट्टक ने भी अपनी पार्टी के पद से इस्तीफा दे दिया है और कहा है कि वह फिलहाल राजनीति से ‘छुट्टी ले रहे हैं’.

सोमवार को जेआई प्रमुख सिराजुल हक ने भी घोषणा की थी कि वह पार्टी प्रमुख के पद से हट रहे हैं. उन्होंने चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी भी ली. पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने विवादों से घिरे आम चुनावों के पूर्ण नतीजे सोमवार को जारी किए.

स्त्रोत – ABP Live न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!