पिलानी: भारत पाक युद्ध 1971 के हीरो शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पुनिया के 54वें बलिदान दिवस पर ग्राम बनगोठड़ी में दो दिवसीय खेल महाकुंभ का समापन गुरुवार को जोश और गर्व के माहौल में हुआ। वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर रहा, जहां सैकड़ों दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

वॉलीबॉल फाइनल मैच में भारतीय स्टेट बैंक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। विजेता टीम को 51,000 रुपये नगद पुरस्कार और 7,000 रुपये टीम किराया प्रदान किया गया। उपविजेता रही राजस्थान पुलिस की टीम को 31,000 रुपये नगद और 7,000 रुपये किराया दिया गया।

पहले सेमीफाइनल में LPN क्लब दिल्ली को हराते हुए स्टेट बैंक ने फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल राजस्थान पुलिस और बनगोठड़ी हॉस्टल के बीच खेला गया, जिसमें राजस्थान पुलिस ने जीत दर्ज की। चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 7,000 रुपये का अतिरिक्त किराया भी दिया गया।

प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस टीम के खिलाड़ी अजय शर्मा को बेस्ट प्लेयर चुना गया। खिलाड़ियों ने अपनी फिटनेस, जोश और टीम स्पिरिट से दर्शकों का मन मोह लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुभाष पूनिया (पूर्व विधायक, सूरजगढ़) मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजकुमार कादयान (निदेशक, विद्याश्रम एजुकेशन ग्रुप) और महेश शर्मा (चेयरमैन, ITI कॉलेज लोहारू) ने शिरकत की। सभी अतिथियों और ग्रामवासियों ने मिलकर शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पुनिया को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पुनिया स्मृति खेल कमेटी ने ग्रामवासियों, दर्शकों और दूर-दराज से आई सभी टीमों के सहयोग के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही यह आयोजन सफल हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!