चिड़ावा: तहसील के निकटवर्ती ग्राम पंचायत नारी में दादा नेत मेला एवं ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। दादा नेत मंदिर प्रांगण में आयोजित इस बैठक में नारी, जोधा का बास, बृजलालपुरा और डेडा राम की ढाणी के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को भव्य और अनुशासित बनाने का संकल्प लिया।
यह ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता और पारंपरिक मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों की आत्मा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है। बैठक में ग्रामीणों ने तन, मन और यथाशक्ति धन से सहयोग देने की एकजुटता दिखाई।
बैठक में पूर्व आर्मी कमांडो लीलाधर लमोरिया ने आयोजन समिति के सदस्यों सज्जन सिंह लमोरिया, प्रदीप कुमार लमोरिया, सुनील कुमार, सूरजभान निर्वाण राजपूत, सुखबीर लमोरिया, राधाकृष्ण मेघवाल, बिजेंद्र लमोरिया और अमित लमोरिया सहित मंदिर समिति के सदस्यों के साथ आयोजन की रूपरेखा पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि यह दादा नेत मेला गांवों की पहचान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर है। पंचायत के सभी समाजों के युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बन सके।
उन्होंने कहा कि यह दादा नेत मेला गांवों की पहचान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर है। पंचायत के सभी समाजों के युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बन सके।
युवाओं के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31,000 रुपए और द्वितीय स्थान पर 21,000 रुपए देने का निर्णय लिया गया। कबड्डी में विजेता टीम को 15,000 रुपए और उपविजेता को 8,100 रुपए प्रदान किए जाएंगे।
कुश्ती दंगल में 2,100, 1,100 और 500 रुपए के पुरस्कार तय किए गए हैं। महिलाओं के लिए मटका दौड़ में 1,100 और 500 रुपए के इनाम की घोषणा की गई।
60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए बूढ़ा दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें प्रथम स्थान पर 1,100 रुपए और द्वितीय स्थान पर 500 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
महादेव समूह द्वारा मेले में गन्ने के रस और पीने के पानी की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। युवक मंडल द्वारा श्रद्धालुओं को मुफ्त रस पिलाया जाएगा। दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों और दादा नेत के भक्तों के लिए ग्रामीणों द्वारा निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों को सम्मान स्वरूप पुरस्कार देने का भी निर्णय लिया गया। मंदिर समिति की ओर से अन्य ग्रामीण प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी है।
दादा नेत मंदिर, नारी के समीप खेल मैदान में 1 मार्च को सुबह 9 बजे से दादा नेत मेला, ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता, वॉलीबॉल प्रतियोगिता, कबड्डी मुकाबले, कुश्ती दंगल और अन्य पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे, ग्रामीण एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का प्रतीक बनेगा।





