चिड़ावा: साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण अवसर आने वाला है। अखिल भारतीय साहित्य सृजन मंच, खगड़िया (बिहार) की ओर से दो दिवसीय चतुर्थ महाधिवेशन का आयोजन आगामी 15 एवं 16 नवम्बर 2025 को किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा — कोशी मंच गौरव सम्मान अलंकरण समारोह, जिसमें देशभर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष चिड़ावा के पत्रकार व साहित्यकार महेश कुमार शर्मा ‘आजाद’ को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान और सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय भूमिका के लिए कोशी मंच गौरव सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। शर्मा को यह सम्मान मंच के वार्षिक अधिवेशन के दौरान प्रदान किया जाएगा। आजाद के इस सम्मान पर शहर के पत्रकारों, साहित्यकारों व बुद्धिजीवियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

यह दो दिवसीय महाधिवेशन मधुमिता विवाह भवन, पिपरा, चौथम, खगड़िया में आयोजित होगा। मंच ने देश के अलग-अलग राज्यों से साहित्य प्रेमियों, लेखकों और सांस्कृतिक रचनाकारों से इसमें सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया है। मंच का उद्देश्य है — “लेखन, प्रकाशन, आयोजन एवं सम्मान के माध्यम से भारतीय संस्कृति और साहित्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाना।”

इस आयोजन में विभिन्न राज्यों से लेखक, कवि, संपादक और साहित्यिक संगठन जुड़ेंगे। आयोजन के माध्यम से भारतीय भाषा, साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।

मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि “यह आयोजन केवल सम्मान का नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति के उत्सव का प्रतीक है। देशभर के लेखक एक साझा मंच पर मिलेंगे, जो भारतीय साहित्य की दिशा तय करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!