हेमंत सोरेन ने झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, प्रमुख नेता हुए शामिल

रांची, झारखंड: झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के प्रमुख नेताओं सहित कई दिग्गजों ने भाग लिया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 49 वर्षीय नेता हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री के रूप में यह चौथा कार्यकाल है।

शपथ समारोह में शामिल हुए कई बड़े नेता

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और जाप अध्यक्ष पप्पू यादव जैसे बड़े नेताओं ने शपथ समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर मंच पर प्रमुख नेताओं की उपस्थिति ने विपक्षी एकजुटता का संदेश दिया।

माता-पिता का लिया आशीर्वाद

शपथ ग्रहण से पहले हेमंत सोरेन ने अपने माता-पिता से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपने काफिले के साथ शपथ स्थल के लिए रवाना हुए।

चुनाव में झामुमो की ऐतिहासिक जीत

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में झामुमो ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। सोरेन ने बरहेट सीट पर भाजपा के गमलियल हेम्ब्रम को 39,791 मतों के अंतर से हराया। झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें हासिल कीं। झामुमो ने 43 सीटों पर चुनाव लड़ा और 34 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 4, और भाकपा (माले)एल को 2 सीटें मिलीं। इस चुनाव में झामुमो ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी

ममता बनर्जी भी पहुंचीं

अखिलेश यादव पहुंचे

सोशल मीडिया पर सोरेन का संदेश

शपथ लेने से कुछ घंटे पहले हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश पोस्ट कर कहा, “एकता राज्य के लोगों का सबसे बड़ा हथियार है, जिन्हें न तो विभाजित किया जा सकता है और न ही चुप कराया जा सकता है।” उनका यह बयान राज्य में एकजुटता और सहयोग को प्राथमिकता देने का संकेत था।

शहर में दिखा उत्साह और सुरक्षा का कड़ा इंतजाम

शपथ ग्रहण समारोह के पोस्टर रांची में हर जगह नजर आए। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष नियम लागू किए गए। समारोह के मद्देनजर रांची शहर के स्कूलों को बंद रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!