झुंझुनू, 7 सितम्बर 2024: हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि हरियाणा राज्य के भिवानी और महेंद्रगढ़ जिलों की सीमा से सटे झुंझुनू जिले के इलाकों में अवैध गतिविधियों पर रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं।
अवैध मादक पदार्थ, शराब तस्करी, और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए 6 नाके या चेक पोस्ट लगाए गए हैं। इन नाकों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जो 24 घंटे निगरानी रखेगा। स्थापित नाके पिपली, उरिका, पिलोद, भालोठ चौकी, पचेरी कला थाना के सामने, और द्वाणी संपत सिंह के स्थानों पर बनाए गए हैं।
तस्वीरें देखें…
चौधरी ने बताया कि सभी नाकों पर सख्त निगरानी की जाएगी और इनका नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नियंत्रण और चुनाव से संबंधित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
विडियो देखें…
संबंधित वृत्ताधिकारियों को नाकों पर औचक निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से नियंत्रण रखा जा सके।