स्मार्ट मीटर के विरोध में सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार उतरे सड़कों पर, कहा- यह जनता के हित में नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पावर हाउस तक पदयात्रा कर जताया विरोध, ज्ञापन सौंपा गया

सूरजगढ़: विद्युत विभाग द्वारा सूरजगढ़ क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध में मंगलवार को नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन की अगुवाई विधायक श्रवण कुमार ने की। उन्होंने कहा कि ये मीटर जनता के लिए किसी भी रूप में लाभकारी नहीं हैं, बल्कि केवल प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाने का जरिया हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो क्षेत्र में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

श्रवण कुमार ने कहा कि सूरजगढ़ की जनता ने उन्हें अपार समर्थन देकर विधानसभा में भेजा है, ऐसे में उनके अधिकारों की रक्षा करना उनका दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों की रीडिंग तेजी से बढ़ती है जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से तुरंत इन मीटरों की योजना को वापस लेने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष मानसिंह सहारण ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। मजदूर, किसान और व्यापारी लगातार बढ़ती महंगाई और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हैं। कांग्रेस नेता महावीर प्रसाद सैनी ने कहा कि स्मार्ट मीटर जनता पर एक और बोझ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सूरजगढ़ पावर हाउस तक पैदल मार्च कर अधिशासी अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे सहायक अभियंता ने ग्रहण किया। विरोध कार्यक्रम को शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह चेतीवाल, पालीराम मुंशी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर यश डैला, सिंघाना नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डीपी सैनी, कांग्रेस सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र नायक, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कालोड़िया, नगर संगठन महासचिव सांवरमल सैनी, सेवादल विधानसभा अध्यक्ष जीवनसिंह नायक, पंचायती राज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौधरी, नगर पालिका पार्षद सज्जन सैनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकाससिंह शेखावत, मजदूर ट्रेड यूनियन कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक कटेवा, सहकारी समिति अध्यक्ष रामजीलाल सैनी, पूर्व पार्षद संजय चौधरी, योगेश सोनी, रंगलाल मिस्त्री, मोतीलाल बासिया, पूर्व सीएमएचओ जीएल मौर्य, अंतरसिंह श्योराण, चंद्रभान जागीड, मुकेश बाकोलिया, वाल्मिकी वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष विजय चंदेलिया, छोटेलाल कटारिया, राजेश ओला, मुकेश लुगरिया, सुरेश बडगुजर, जीणी सरपंच अमिलाल, कपिल शाह, रोशन सैनी, सलीम ख़िलजी, रवि मीणा, अजयपाल सिंह और महिपाल मीणा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान “स्मार्ट मीटर हटाओ”, “जनता पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आने वाले दिनों में विरोध और अधिक तीव्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!