सुलताना: पुलिस थाना परिसर उस समय उत्साह और सम्मान के माहौल से भर गया, जब राष्ट्रीय जाट महासंघ की ओर से हाल ही में पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के प्रतीक इन अधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक संगठनों और पुलिस के बीच सकारात्मक समन्वय का संदेश देता नजर आया।
पुलिस थाना सुलताना परिसर में आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया के सानिध्य में किया गया। समारोह का उद्देश्य पुलिस विभाग में पदोन्नति प्राप्त करने वाले कार्मिकों का मनोबल बढ़ाना और उनके कार्यों को सामाजिक स्तर पर सम्मान देना रहा। कार्यक्रम के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस समाज की सुरक्षा की मजबूत कड़ी है और उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर राजकुमार के हैड कांस्टेबल से एएसआई बनने पर, सुरेन्द्र धनखड़, जगदीप राव, सत्यवीर सोमरा और द्वारका प्रसाद के कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत होने पर राष्ट्रीय जाट महासंघ की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को फूलमालाएं पहनाकर मिठाई खिलाई गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय जाट महासंघ सुलताना ब्लॉक अध्यक्ष मास्टर विजेंद्र धनखड़, प्रभारी राकेश बोरायण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दाताराम धनखड़ और संयुक्त सचिव जगदीश लाम्बा ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी ने पुलिस विभाग की कार्यशैली की सराहना करते हुए समाज और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मान समारोह के दौरान ब्लॉक प्रवक्ता बलवीर नेहरा ने मंच से सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और पुलिसकर्मियों को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह, स्नेह कुमार, धमेंद्र, सिताराम और राजवीर सहित अन्य पुलिस स्टाफ की मौजूदगी रही। सभी की उपस्थिति में यह सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





