नई दिल्ली, 15 अगस्त 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कथित शराब नीति मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। स्वतंत्रता दिवस के इस खास अवसर पर, जब वह हर साल छत्रसाल स्टेडियम में झंडा फहराते थे, इस बार उनकी गैरमौजूदगी ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और समर्थकों के बीच एक गहरा दुख पैदा कर दिया है।
कैलाश गहलोत ने फहराया तिरंगा
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में, जहां अरविंद केजरीवाल हर साल झंडा फहराते थे, इस बार कैलाश गहलोत ने झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने अपने भाषण में कहा, “अरविंद केजरीवाल को आज के दौर का स्वतंत्रता सेनानी कहना गलत नहीं होगा।”
सुनीता केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। एक्स (ट्विटर) पर अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आज CM आवास पर तिरंगा नहीं फहराया गया। बहुत अफ़सोस रहा। यह तानाशाही एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में रख सकती है, लेकिन दिल में देशप्रेम को कैसे रोक पाएगी…”
आतिशी का तंज और आप के कार्यकर्ताओं का जोश
आप नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने भी सोशल मीडिया पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लिखा, “आज स्वतंत्रता दिवस है, जब 1947 में भारत को अंग्रेजों की तानाशाही से आज़ादी मिली। सैंकड़ों स्वतंत्रता सैनानियों ने लाठियां खाईं, जेल गए और अपनी जान की कुर्बानी दी – हमें यह आज़ादी दिलवाने के लिए। उनके सपनों में भी ऐसा विचार नहीं आया होगा कि एक दिन, आज़ाद भारत में, एक चुने हुए मुख्यमंत्री को झूठे मुक़द्दमे में फँसा कर महीनों तक जेल में रखा जाएगा। आइये इस स्वतंत्रता दिवस पर हम ये प्रण लेते हैं कि आख़िरी साँस तक तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ते रहेंगे।”
मनीष सिसोदिया की रिहाई के बाद आप में जोश
मनीष सिसोदिया के जेल से बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। सभी यही उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आ जाएंगे और अपने पद पर वापस लौटेंगे। आतिशी द्वारा साझा की गई एक फोटो में अरविंद केजरीवाल तिरंगा झंडा फहराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो उनके समर्थकों के बीच उम्मीद और विश्वास को और मजबूत करता है।