सिंघाना: डॉक्टरों के बिना सूचना के अनुपस्थित रहने से मरीज परेशान, सीएमएचओ ने दिया चार्जशीट का निर्देश

सिंघाना: सिंघाना के राजकीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में कई पद खाली हैं और मौजूदा डॉक्टर भी बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं।

शनिवार को झुंझुनूं सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने अस्पताल का निरीक्षण किया और मौजूदा हालातों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में दो महिला डॉक्टर बिना अवकाश स्वीकृत किए ही काफी समय से अनुपस्थित हैं।

सीएमएचओ ने इन दोनों महिला डॉक्टरों को चार्जशीट जारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर निदेशालय को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी।

इस बीच, उन्होंने आसपास की पीएचसी में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए डॉक्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण के लिए जगह का चुनाव करने, आईपीडी रूम, लेबर रूम, दवा योजना व जांच योजना कक्ष का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर अस्पताल प्रभारी डॉ धर्मेंद्र सैनी, डॉ लोकेश कुमार, नर्सिंग ऑफिसर प्रथम बजरंगलाल सैनी, प्रदीप कुमार, कृष्ण कुमार, सुभाष यादव, जतिन सिंह, अनिल कुमार, प्रमोद कुमार, लक्की शर्मा, प्रकाशचंद, विजय शाह, संजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!