संभल, उत्तर प्रदेश: कई दिनों के अंतराल के बाद नगर में फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को नगर के संभल गेट क्षेत्र में नगर पालिका का बुलडोजर गरजा। इस दौरान नाले के ऊपर अवैध रूप से बने बीएमजी इंटर कॉलेज के गेट, दुकानें, स्लैब, बोर्ड, और अन्य निर्माणों को हटाया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। बुलडोजर की कार्रवाई देखकर कई दुकानदार स्वयं ही अपने अवैध निर्माण को तोड़ने में जुट गए।

डिप्टी कलेक्टर के नेतृत्व में हुआ अभियान

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर विनय कुमार मिश्रा ने किया। नगर पालिका, पुलिस और पीएससी बल के सहयोग से नालों और नगर पालिका की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फव्वारा चौक के दुकानदारों को मिली राहत

फव्वारा चौक पर नगर पालिका की दुकानों पर भी बुलडोजर चला। कुछ दुकानों के अतिक्रमण हटने से प्रभावित दुकानदारों ने जिलाधिकारी से अपनी समस्या साझा की। जिलाधिकारी ने दुकानों के पीछे नगर पालिका की खाली जमीन पर तीन फुट तक दुकान बढ़ाने की अनुमति दी। इस निर्णय से दुकानदारों के चेहरे खिल गए, और वे अपने निर्माण कार्य में लग गए।

16 दिन तक चला था अभियान, फिर से हुआ सक्रिय

इससे पहले शहर में 16 दिनों तक बुलडोजर अभियान चला, लेकिन डिप्टी कलेक्टर के कुंभ ड्यूटी पर चले जाने के बाद अभियान थम गया। मंगलवार को पुनः जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान तेज गति से शुरू हुआ। संभल गेट में नाले के ऊपर बनी दुकानों और मकानों के अवैध हिस्सों को चिन्हित कर बुलडोजर की मदद से तोड़ा गया।

प्रशासन की सख्ती से मची खलबली

अचानक तेज गति से अभियान चलने के कारण शहर भर में अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। अधिकांश दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने सामान को समेट लिया और फुटपाथ खाली कर दिया। अभियान के दौरान नगर पालिका ईओ कृष्ण कुमार सोनकर, लेखपाल दानवीर, जलकल जेई अनुज कुमार, राजू, ऋषभ, अवनेश कुमार, अरविंद कुमार, पुलिस और पीएससी बल के जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!