चिड़ावा: देर शाम लगभग आठ बजे परमहंस पंडित गणेश नारायण समाधि स्थल के पीछे स्थित मेला ग्राउंड के पास से गुजर रहे बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्योपुरा निवासी 32 वर्षीय युवक मनोज कुमार की मौत हो गई।
बाइक और ट्रेक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर
मनोज कुमार पुत्र कैलाश गुर्जर अपनी हीरो होंडा बाइक से कहीं जा रहा था, तभी अचानक एक ट्रेक्टर-ट्रॉली से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही मनोज सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को स्कूटी से पहुंचाया अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो स्कूटी सवार युवकों ने घायल मनोज को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां व्यवस्था नहीं मिलने पर वे मनोज को स्कूटी से ही चिड़ावा उप जिला अस्पताल लेकर गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
चिड़ावा उप जिला अस्पताल में डॉ. मनोज जानू, वार्ड बॉय कर्मवीर श्योराण और नर्सिंग स्टाफ ने जांच के बाद मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके का किया मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाना से एएसआई ओमप्रकाश नरूका टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर मर्म दर्ज किया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और सोमवार सुबह परिजनों की सहमति से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।





