शाहपुर से पालोता तक निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली, देव थालौर के नेतृत्व में उमड़ा युवाओं का जोश

झुंझुनूं: जिले के शाहपुर से पालोता तक आयोजित तिरंगा बाइक रैली ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। देव थालौर के नेतृत्व में निकली इस रैली में सैकड़ों बाइक सवारों ने भाग लेते हुए गणतंत्र दिवस, देशभक्ति, और राष्ट्रीय एकता को मजबूती देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया।

तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ शाहपुर से हुआ, जहां पूर्व सांसद संतोष अहलावत, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी और भाजयुमो जिला अध्यक्ष जयसिंह माठ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। देशभक्ति के नारों और तिरंगा लहराते युवाओं के साथ रैली ने राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायक वातावरण बनाया।

रैली के शाहपुर से प्रस्थान के बाद सैदपुर में ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इसके पश्चात मैनाना में जेसीबी मशीन के माध्यम से पुष्प वर्षा कर बाइक रैली का अभिनंदन किया गया, जिससे आयोजन और भी भव्य और आकर्षक बन गया। इस दौरान ग्रामीणों और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

रैली का समापन ग्राम पालोता में किया गया, जहां सरपंच मनोज गजराज के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रैली का भव्य स्वागत किया। पालोता पहुंचने पर देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल में कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया और युवाओं के प्रयासों की सराहना की गई।

इस अवसर पर संतोष अहलावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख हर्षनी कुल्हरी ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में जयसिंह मांठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नीतिका थालौर, सुखवीर मील, वर्षा सोमरा, बिजेंद्र, विकास, कृष्ण सरपंच और राजू मराठा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।

देव थालौर, जो सिंघाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 से डेलीगेट की तैयारी कर रहे हैं, पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक और जनसेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। रैली में वार्ड नंबर 14 के सभी गांवों से बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया, जिससे क्षेत्रीय सहभागिता मजबूत नजर आई।

शाहपुर के वरिष्ठ नागरिकों और नवयुवक मंडल की टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में सैदपुर, मैनाना, बराला की ढाणी और पालोता के युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में देव थालौर ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों, युवाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!