बोकारो, झारखंड: बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में सोमवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ चोरगांवा मुंडाटोली इलाके के पास लगभग सुबह 4 बजे शुरू हुई। इस ऑपरेशन में कुल 8 नक्सलियों को मार गिराने में सफलता मिली है, जिनमें वांछित और बड़े इनामी नक्सली भी शामिल हैं।
डीआईजी और एसपी ने संभाली अगुवाई
इस संयुक्त अभियान की अगुवाई कोयला क्षेत्र के डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा और बोकारो एसपी मनोज स्वर्गियारी द्वारा की गई। अभियान में सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और कोबरा कमांडो बटालियन 209 के जवानों की संयुक्त टीम शामिल थी। कोबरा यूनिट, जो जंगलों में युद्ध की विशेषज्ञ मानी जाती है, इस ऑपरेशन का मुख्य हिस्सा रही।

एक करोड़ का इनामी प्रयाग माझी उर्फ विवेक ढेर
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में प्रयाग माझी उर्फ विवेक भी शामिल है, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। वह सेंट्रल कमेटी का सदस्य और एनआईए का वांटेड अपराधी था। विवेक का संबंध धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के दलूबुढा गांव से था। वह लंबे समय से टेरर फंडिंग मामलों में वांछित था।
प्रयाग माझी उर्फ विवेक के अन्य नाम फुचना, नागों मांझी, करण और लेतरा भी सामने आए हैं। साथ ही, मुठभेड़ में 25 लाख के इनामी नक्सली अरविंद यादव, जो स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य था, के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है।
बरामद हुआ भारी असलहा और बारूद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
- एक एके सीरीज राइफल
- एक एसएलआर
- तीन इंसास राइफल
- एक पिस्तौल
- आठ देशी भरमार बंदूकें
बरामद हथियारों से नक्सलियों की भारी तैयारी का अनुमान लगाया जा रहा है।
सुरक्षाबलों को नहीं हुआ कोई नुकसान
सुरक्षाबलों की सतर्कता और रणनीति के कारण इस मुठभेड़ में किसी भी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है। यह ऑपरेशन झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों में दहशत, क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी
चोरगांवा मुंडाटोली इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि सुबह लगभग 4 बजे गोलियों की आवाज से उनकी नींद टूटी। जब वे बाहर निकले, तो पुलिस बल की बड़ी संख्या इलाके में फैली हुई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।