पिलानी: ब्लॉक के लाडूंदा गांव में बुधवार को प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर गैर मुमकिन जोहड़ की जमीन से बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण हटाए। सूरजगढ़ एसडीएम दीपक चंदन और एडिशनल एसपी फूलचंद मीणा की मौजूदगी में 150 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पिलानी तहसील के लाडूंदा में गैर मुमकिन जोहड़ की भूमि पर वर्षों से हो रहे कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। सूरजगढ़ एसडीएम दीपक चंदन ने कार्रवाई का नेतृत्व किया और उनके साथ एडिशनल एसपी फूलचंद मीणा, चिड़ावा सीओ विकास धींधवाल, पिलानी तहसीलदार सोनू आर्य, पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी, सूरजगढ़ एसएचओ रणजीत सिंह सेवदा तथा नायब तहसीलदार हरीश यादव भी मौके पर मौजूद रहे।

नायब तहसीलदार हरीश यादव ने बताया कि हाईकोर्ट में कंटेम्प्ट केस के बाद आदेश आने के चलते यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया:

कुल 76 अतिक्रमण चिह्नित किए गए
20 कब्जों पर स्टे ऑर्डर लागू है
शेष सभी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी

यादव ने कहा कि प्रभावित परिवारों की वैकल्पिक रहने की व्यवस्था कर किसी को बेघर किए बिना अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

जेसीबी मशीनों से हटाए जा रहे कच्चे-पक्के ढांचों को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। माहौल में तनाव दिखा लेकिन पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई जोहड़ की मूल संरचना पुनर्स्थापित करने के लिए जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!