रोड शो के दौरान गोविंदा बीमार, चुनाव प्रचार छोड़कर मुंबई लौटे

मुंबई: फिल्म अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा ने शनिवार को खराब स्वास्थ्य के चलते महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में चल रहे अपने प्रचार अभियान को बीच में ही रोक दिया और मुंबई लौट गए। गोविंदा महायुति गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में जलगांव जिले में कई जनसभाओं और रोडशो में हिस्सा लेने पहुंचे थे।

रोडशो के दौरान बिगड़ी तबीयत

गोविंदा ने जलगांव जिले के पचोरा में एक बड़े रोडशो की शुरुआत की। हालांकि, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इसे बीच में ही रोकना पड़ा। उन्हें मुक्ताईनगर, बोडवाड़, पचोरा और चोपड़ा जैसे क्षेत्रों में जनसभाएं करनी थीं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।

रोडशो के दौरान गोविंदा ने जनता से महायुति गठबंधन, जिसमें भाजपा, शिवसेना और एनसीपी शामिल हैं, का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के प्रति जनता का भरोसा जताया और महाराष्ट्र के विकास में महायुति की भूमिका को अहम बताया।

गोविंदा का राजनीतिक सफर

गौरतलब है कि गोविंदा पहले कांग्रेस पार्टी से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने कांग्रेस से नाता तोड़कर शिवसेना में शामिल होने का निर्णय लिया। गोविंदा की इस नई राजनीतिक पारी ने महायुति के प्रचार में नई ऊर्जा भरने का काम किया है।

गोविंदा के घर में हादसा

कुछ दिन पहले मुंबई स्थित गोविंदा के घर पर एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें उनके पैर में गोली लग गई थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में गोविंदा के लाइसेंसी रिवॉल्वर को सीज कर लिया है। डॉक्टरों ने गोविंदा का सफल उपचार करते हुए गोली निकाल दी थी, लेकिन इस घटना ने उनके स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इसी बीच, महाराष्ट्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। पालघर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान कभी नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब को भारत रत्न देकर उनका सम्मान किया है, जो कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल में नहीं कर पाई।”

जाति जनगणना पर राहुल गांधी पर हमला

राजनाथ सिंह ने जाति जनगणना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी लाल किताब लेकर घूम रहे हैं और इसे संविधान बता रहे हैं। वे मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने महा विकास अघाड़ी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके नेता आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं और महाराष्ट्र के विकास के प्रति गंभीर नहीं हैं।

महाराष्ट्र चुनाव: महत्वपूर्ण तिथियां

महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच इस बार का मुकाबला कड़ा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!