चिड़ावा: भारतीय जनता पार्टी के महा प्रशिक्षण अभियान के तहत झुंझुनूं पहुंचे चित्तौड़गढ़ सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। इस दौरान शहर के सूरजगढ़ रोड स्थित मधुसूदन मैरीज गार्डन में भाजपा युवा नेता भूपेश सोनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सीपी जोशी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने 21 किलो फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

प्रधानमंत्री को गद्दार कहने पर भड़के सीपी जोशी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीपी जोशी ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को गद्दार कहे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस परिवार ने प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए मां भारती के टुकड़े करवाए, वही परिवार असली गद्दार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में चीन ने हजारों वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन पर कब्जा किया।

जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने “भारत तेरे टुकड़े होंगे” जैसे नारे लगाने वालों का समर्थन किया, कश्मीर से धारा 370 हटाने का विरोध किया और नरेन्द्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद मांगने तक का काम किया।

नीट पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल मुद्दे पर भी बोले सीपी जोशी
पत्रकारों से बातचीत में सीपी जोशी ने नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस सरकारों को घेरते हुए कहा कि उनके शासनकाल में लगभग हर परीक्षा का पेपर लीक हो जाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

पेट्रोल-डीजल कीमतों पर दिया वैश्विक संकट का हवाला
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर पूछे गए सवाल पर सीपी जोशी ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध जैसे वैश्विक संकटों के कारण दुनिया के विकसित देशों में ईंधन कीमतों में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि हुई, जबकि भारत में यह बढ़ोतरी केवल 3 से 4 रुपए तक सीमित रही।

भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, ओबीसी आयोग सदस्य पवन मांवड़िया, भाजपा नेता राजेश दहिया, युवा नेता भूपेश सोनी, पूर्व चेयरमैन सुभाष शर्मा, सुरेश जलिन्द्रा, नितिराज सिंह, सुनील भड़िया, विजय सोनी, सुशील शर्मा, शिव कुमार शर्मा, विजय सुल्तानिया, विजय कुमार शर्मा, सज्जन गोदारा, पृथ्वीराज शर्मा, नरेंद्र गिरधर, अशोक शर्मा, विशाल सुल्तानिया, राजेश कुमावत, विशाल शर्मा, राकेश पाटनवाला, निखिल मावंडिया, मंगेश भगत, अंकित वर्मा, सेंटी राजपूत और मनीष ठोलिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुरेंद्र कुमार भगिना ने किया।

भाजपा महा प्रशिक्षण अभियान में दिखी चुनावी तैयारी की झलक
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का महा प्रशिक्षण अभियान आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। चिड़ावा में आयोजित कार्यक्रम में भी कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ नजर आया।





