झुंझुनूं: राष्ट्रीय जाट महासंघ के महिला मोर्चा झुंझुनूं ब्लॉक की कार्यकारिणी में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हुए संगठन ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। यह विस्तार महासंघ के प्रदेश सचिव रामकुमार झाझड़िया की अनुशंसा पर किया गया, जिसे प्रदेशाध्यक्ष विरेंद्र क्यामसरिया ने अनुमोदित किया।

नई कार्यकारिणी के तहत रेणु कस्वां को झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सपना बाबल को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। ब्लॉक उपाध्यक्ष के पद पर मोनिका महला और मंजू चौधरी को नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त ब्लॉक सचिव के रूप में प्रमोद देवी और सपना महला को दायित्व सौंपा गया है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत ब्लॉक उपाध्यक्ष चंद्रकला चौधरी, सचिव चंद्रकला भाम्बूं और महासचिव रेणू चौधरी ने मालाएं पहनाकर किया। इस मौके पर संगठनात्मक एकता और महिला भागीदारी को मजबूती देने की बात कही गई।

महासंघ की ओर से सभी पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। साथ ही, प्रदेश नेतृत्व ने निर्देश दिए कि वे कार्य को ब्लॉक उपाध्यक्ष चंद्रकला चौधरी और महासचिव रितु चौधरी से विचार-विमर्श कर समन्वय के साथ आगे बढ़ाएं।

कार्यकारिणी विस्तार को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह देखा गया। संगठन ने भरोसा जताया कि नई टीम महिला मोर्चा के कार्यों को गांव-शहर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!