जयपुर, राजस्थान: राजस्थान के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, जिनमें जयपुर, बीकानेर, कोटा, श्रीगंगानगर, जोधपुर, हनुमानगढ़ और बूंदी शामिल हैं, को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इन स्टेशनों पर यात्रियों और ट्रेनों की कड़ी जांच की जा रही है, हालांकि अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।

धमकी भरा पत्र हनुमानगढ़ के स्टेशन अधीक्षक को मिला

1 अक्टूबर को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन के सुपरिटेंडेंट को एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस पत्र के मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शशि किरण ने जानकारी दी कि हनुमानगढ़ स्टेशन के अलावा बीकानेर, जयपुर, श्रीगंगानगर, जोधपुर, बूंदी और कोटा रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता

हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अन्य स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस व जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) द्वारा आने-जाने वाले यात्रियों की गहन जांच की जा रही है। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रमुख स्टेशनों पर पुलिस, जीआरपी और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। डॉग स्क्वॉयड की मदद से स्टेशन की नियमित निगरानी की जा रही है।

जैश-ए-मोहम्मद का नाम आया सामने

इस धमकी भरे पत्र में खुद को जैश-ए-मोहम्मद का जम्मू-कश्मीर एरिया कमांडर बताने वाले मोहम्मद सलीम अंसारी ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी है। पत्र में लिखा गया है कि यह हमला जम्मू-कश्मीर में मारे गए जिहादियों का बदला लेने के लिए किया जाएगा।

धमकी भरा पत्र पीले लिफाफे में मिला

हनुमानगढ़ स्टेशन के सुपरिटेंडेंट को यह पत्र एक पीले रंग के लिफाफे में मिला, जिस पर डाक की मुहर थी। पत्र में पोस्ट ऑफिस कोड और पंजाबी भाषा में अस्पष्ट शब्द लिखे गए थे। पत्र पर हनुमानगढ़ पोस्ट ऑफिस की 30 सितम्बर की मुहर थी। अंदर एक पुराने लाइनदार कागज पर धमकी लिखी हुई थी, जिसमें 30 अक्टूबर और 2 नवम्बर को विभिन्न स्थानों पर बम धमाके करने की धमकी दी गई है।

लेटर में लिखा है-

  • ” हे खुदा मुझे माफ कर, जम्मू-कश्मीर में मारे जा रहे हमारे जिहादियों की मौत का बदला जरूर लेंगे। हम ठीक 30 अक्टूबर को जयपुर, जोधपुर, अलवर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, बूंदी, उदयपुर, बीकानेर, जयपुर मंडल, मध्य प्रदेश के भी रेलवे स्टेशन, 2 नवम्बर को उज्जैन महाकाल मंदिर, जयपुर के कई धार्मिक स्थानों, रेलवे स्टेशन और सैन्य अड्डों को बम से उड़ा देंगे। राजस्थान और मध्य प्रदेश को खून से रंग देंगे। जैश-ए-मोहम्मद, खुदा हाफिज। “

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!