मौसम अपडेट 9 फरवरी: आईएमडी ने शीत लहर और बारिश की चेतावनी का पूर्वानुमान लगाया
मौसम अपडेट 9 फरवरी: देश के अधिकांश इलाकों में ठंड ने अपना बोरिया-बिस्तर बांध लिया है। बारिश के साथ ही न्यूनतम तापमान में इजाफा हो रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा अपडेट्स में कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश संभव है। वहीं, 10 फरवरी से विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। इसके कारण लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक वृद्धी देखी जा सकती है।
कश्मीर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड की स्थिति बरकरार
कश्मीर में बृहस्पतिवार को भी अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा जिससे घाटी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड की स्थिति बरकरार है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इससे बीती रात शून्य से नीचे 10.5 डिग्री था। तापमान के नीचे गिर जाने से गुलमर्ग में बुधवार की रात घाटी की सबसे सर्द रात रही। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 4.5 डिग्री और शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतकालीन ऋतु के इस मौसम में पहलगाम, गुलमर्ग, काजीगुंड और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री नीचे रहा। घाटी में फिलहाल 20 दिनों के चिल्ला-ए-खुर्द (छोटी ठंड) का दौर चल रहा है।
