झुंझुनूं: शहर के पीरू सिंह सर्किल पर बुधवार दोपहर एक लोक परिवहन बस के ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य युवकों ने चोरी के शक में एक युवक को बीच सड़क पर पकड़कर बुरी तरह से पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल होते ही शहर में सनसनी फैल गई और सोशल मीडिया पर जमकर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित युवक बार-बार खुद को बेगुनाह बताता रहा, लेकिन भीड़ ने एक ना सुनी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब जयपुर से पिलानी की ओर जा रही बस पीरू सिंह सर्किल के पास रुकी, तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने मौके पर एक युवक पर चोरी का आरोप लगाया। बस चालक और परिचालक ने युवक को पकड़ लिया और तुरंत बीच सड़क पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारना शुरू कर दिया। युवक हाथ जोड़कर अपनी बेगुनाही की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पिटाई के दौरान युवक के कपड़े फाड़ दिए गए और उसे बस में घसीटकर जबरन अंदर कर लिया गया। चलती बस के गेट पर वह चिल्लाता रहा, लेकिन बस आगे बढ़ गई। इस घटना को कुछ लोगों ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि इस घटना से संबंधित अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस को न तो पिटाई के शिकार युवक की पहचान मिल पाई है और न ही उस लोक परिवहन बस की जानकारी जिसने युवक को लेकर मौके से रवानगी की। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस जांच में लगी है।





