मैदान पर टूटा जिंदगी का रिश्ता: क्रिकेट खेलते वक्त युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत, वीडियो में रिकॉर्ड हुई घटना

पंजाब: फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय कस्बे से रविवार सुबह एक मार्मिक घटना सामने आई, जहां क्रिकेट खेलते समय एक युवक की पिच पर ही मृत्यु हो गई। घटना डीएवी स्कूल के मैदान में हुई, जहां हरजीत सिंह नामक युवक एक स्थानीय मैच में बैटिंग कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरजीत सिंह ने स्पिन गेंदबाज की एक गेंद पर छक्का लगाया और रन लेने के लिए पिच पर आगे बढ़ा। आधी पिच तक पहुंचने के बाद वह अचानक वहीं बैठ गया और कुछ ही पल में बेहोश होकर गिर पड़ा। मैदान पर मौजूद साथी खिलाड़ियों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी और CPR देने का प्रयास किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों ने बताया कि मृत्यु का कारण दिल का दौरा है। साथी खिलाड़ी रचित सोढ़ी ने बताया कि हरजीत सिंह ने मैच में 49 रन बना लिए थे और अच्छे फॉर्म में खेल रहे थे। छक्का लगाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही क्षणों में यह दुखद अंत हो गया।

हरजीत सिंह पेशे से कारपेंटर थे। वे विवाहित थे और उनके परिवार में आठ वर्ष का एक बेटा भी है। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार, रिश्तेदार और मोहल्ले में शोक की लहर है। उनके निधन से खेल प्रेमियों के बीच भी गहरा दुख व्याप्त है, क्योंकि यह घटना अचानक घटी और सभी को स्तब्ध कर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!