मुकुंदगढ़ पुलिस ने गुजरात से अगवा तीन युवकों को दस्तयाब कर अपहरण में प्रयुक्त वाहन जब्त किया, अपहृतों को खेतों में छोड़ा, आरोपी फरार

मुकुंदगढ़: अहमदाबाद, गुजरात से अपहृत तीन युवकों को राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पुलिस ने सफल कार्रवाई करते हुए दस्तयाब कर लिया है। अपहरणकर्ताओं द्वारा प्रयुक्त दो वाहन भी बरामद किए गए, जिनमें एक नेक्सॉन कार और एक बिना नंबर की थार शामिल है। पुलिस की सघन तलाशी के बावजूद अपहरण में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गए।

मुकुंदगढ़ थानाधिकारी सरदारमल यादव को गुजरात के अहमदाबाद जिले के निकोल थाना के उपनिरीक्षक रणजीत कुशवाहा से सूचना मिली थी कि अहमदाबाद निवासी भद्रेश पटेल का राजस्थान में अपहरण कर लिया गया है और उसकी लोकेशन फिलहाल अजीतगढ़ के पास ट्रेस हुई है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी पुलिस बल के साथ रवाना हुए। इसी बीच राज्य नियंत्रण कक्ष से भी इसी आशय की सूचना प्राप्त हुई।

पहले अजीतगढ़ और फिर बेसवा में लोकेशन मिलने पर मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने फतेहपुर सदर थाना की टीम के साथ मिलकर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। गुजरात पुलिस के सतत समन्वय से दोनों टीमों ने अपहरणकर्ताओं की कार नेक्सॉन (GJ 27 CF 3362) को चिह्नित कर उसका पीछा किया। पीछा करते हुए यह वाहन रोही गांव बारी में पहुंचा, जहां पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले।

पुलिस ने आगे खेतों में तलाशी अभियान जारी रखा तो पता चला कि आरोपी एक और वाहन थार (बिना नंबर) भी मौके पर छोड़ चुके हैं और अपहृत युवकों को पैदल खेतों में साथ लेकर भागे हैं। पुलिस ने पांच किलोमीटर तक खेतों में पैदल पीछा किया और आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गए, लेकिन अपहृत तीनों युवक – भद्रेश पटेल (33), मकवाना मयूल (23) और किशन चौहान को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

अपहृत युवकों ने बताया कि उनके साथ अहमदाबाद निवासी एक और युवक सन्नी उर्फ जिगर भी था, जिसे आरोपी अपने साथ दूसरी दिशा में ले गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों द्वारा छोड़ी गई नेक्सॉन और थार गाड़ियों को जब्त कर लिया। बरामद थार गाड़ी में अपहरणकर्ताओं के कपड़े, दो मोबाइल, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन भी मिली है।

गुजरात पुलिस की सूचना के आधार पर ही यह सफलता संभव हो सकी। राजस्थान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल अपहृतों को बचाया, बल्कि अपहरणकर्ताओं की गाड़ियों और सामान को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए दस्तयाब वाहन और व्यक्तियों को थाना सदर फतेहपुर की टीम को सौंपा गया।

इस पूरे ऑपरेशन में मुकुंदगढ़ थाने के उप निरीक्षक सरदारमल यादव के नेतृत्व में जितेन्द्र कुमार, बाबूलाल, मुल्ताराम, विक्रम और सीकर जिले के फतेहपुर सदर थाने से सत्यनारायण, श्रीराम और जीवराज सिंह शामिल रहे। टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!