मुंबई की 72 मस्जिदों पर अवैध लाउडस्पीकर को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस कार्रवाई की मांग तेज

मुंबई, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों की ध्वनि सीमा को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा लाउडस्पीकरों को निर्धारित डेसीबल सीमा में बजाने की चेतावनी के बाद अब भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई के मंखुर्द-गोवंडी इलाके की 72 मस्जिदों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। सोमैया ने इन मस्जिदों पर बिना अनुमति के लाउडस्पीकर लगाने का आरोप लगाते हुए शिवाजी नगर पुलिस थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।

Advertisement's
Advertisement’s

72 मस्जिदों पर अवैध लाउडस्पीकर लगाए जाने का आरोप

किरीट सोमैया ने बताया कि उन्होंने 5 अप्रैल को गोवंडी स्थित शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, क्षेत्र की 72 मस्जिदों पर ऐसे लाउडस्पीकर लगे हैं जिनके लिए कोई वैधानिक अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

“अवैध रूप से लाउडस्पीकर बजाना और मुंबई हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना करना, यह मुंबई में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” — किरीट सोमैया, भाजपा नेता

पुलिस ने मानी बात, कार्रवाई की मांग

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भी यह माना है कि लाउडस्पीकरों की अनुमति को लेकर नियमों का पालन नहीं किया गया है। सोमैया ने मांग की है कि जिन मस्जिदों पर लाउडस्पीकर बिना अनुमति के लगाए गए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि तय सीमा का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अनुमति रद्द की जानी चाहिए।

सोशल मीडिया पर RTI कॉपी साझा की

इस मामले को लेकर किरीट सोमैया ने एक RTI कॉपी भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की है। इस कॉपी में उन मस्जिदों के नाम शामिल हैं, जहां उन्होंने लाउडस्पीकरों के अनधिकृत उपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि—

“हर दिन इन मस्जिदों से जोर-जोर से हार्न और लाउडस्पीकर बजाए जा रहे हैं, जबकि किसी के पास इसकी अनुमति नहीं है। हमने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और कल से इस पर कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए।”

Advertisement's
Advertisement’s

पहले भी कर चुके हैं कई शिकायतें

गौरतलब है कि किरीट सोमैया लाउडस्पीकरों के अवैध इस्तेमाल को लेकर पहले भी सक्रिय रहे हैं। पिछले कई महीनों से वे मुंबई के विभिन्न हिस्सों में इस विषय पर शिकायतें दर्ज कराते रहे हैं और स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की लगातार मांग करते आए हैं। उन्होंने कहा है कि यह सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं बल्कि सार्वजनिक अनुशासन और कानूनी व्यवस्था का मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!