अमित शाह: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस का ‘इटालियन कल्चर’ भारत के मूल विचार को समझने में असमर्थता का प्रमाण है।
आर्टिकल 370 और 371 पर बहस
अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जरिए आर्टिकल 370 को आर्टिकल 371 के रूप में बताने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी की इस तरह की गलतियों की वजह से देश अब तक परेशान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में राजस्थान में जम्मू-कश्मीर को आर्टिकल 370 के जरिए मिले विशेष दर्जे को हटाने का जिक्र किया था। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी की आलोचना की थी। खरगे ने कहा, “वह यहां आए और कहा कि हमने आर्टिकल 371 हटा दिया। ठीक है, लेकिन उसकी यहां क्या प्रासंगिकता है। इस बारे में जाकर जम्मू-कश्मीर में बताइए।”
खरगे के विवादित बयान पर अमित शाह का ट्वीट
अमित शाह ने इस विवादित बयान को लेकर ट्वीट करते हुए कहा, “ये सुनकर शर्म आती है कि कांग्रेस पार्टी पूछ रही है, कश्मीर से क्या वास्ता है? मैं कांग्रेस पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। जम्मू-कश्मीर पर हर राज्य और नागरिक का अधिकार है, ठीक वैसे ही जम्मू-कश्मीर के लोगों का भी भारत के बाकी के हिस्सों पर उसी तरह से अधिकार है।”
भारत को नहीं समझने के लिए इटालियन संस्कृति जिम्मेदार
अमित शाह ने आगे कहा, “कांग्रेस को यह नहीं पता कि कश्मीर में शांति और सुरक्षा के लिए राजस्थान के कई वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। मगर ये सिर्फ कांग्रेस नेताओं की गलती नहीं है। भारत के विचार को न समझ पाने के लिए अधिकतर कांग्रेस पार्टी की इटालियन संस्कृति ही दोषी है।”
अमित शाह ने कहा कि ऐसे बयानों से हर उस देशभक्त नागरिक को ठेस पहुंचती है, जो देश की एकता और अखंडता की परवाह करता है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को जरूर जवाब देगी।
आर्टिकल 370 को 371 कहने पर खरगे पर कसा तंज
अमित शाह ने मल्लिकार्जुन खरगे पर आर्टिकल 370 को 371 कहने के लिए तंज भी कसा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की जानकारी के लिए बता दें कि मोदी सरकार ने आर्टिकल 371 नहीं बल्कि आर्टिकल 370 को हटाया है। हालांकि, कांग्रेस से इस तरह की बड़ी गलतियां करने की अपेक्षा ही की जाती है। पार्टी के जरिए की गई ऐसी गलतियों ने दशकों से हमारे देश को परेशान किया है।”