मण्ड्रेला: पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गश्त के दौरान मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मण्ड्रेला से पिलानी रोड पर एक युवक को अवैध देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया।
पुलिस को 1 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि मण्ड्रेला से पिलानी जाने वाली सड़क पर गौशाला से पहले एक व्यक्ति पैदल जा रहा है, जिसके पास अवैध हथियार होने की आशंका है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई।
पुलिस टीम ने मण्ड्रेला-पिलानी रोड पर निर्माणाधीन होटल से पहले मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक युवक को पिलानी की दिशा में पैदल जाते हुए देखा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को रुकवाया, चारों ओर से घेराबंदी की और पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल उर्फ बाबा पुत्र संजय बताया। उसकी उम्र 19 वर्ष है और वह मूल रूप से गोपलवास, थाना बाढड़ा, जिला चरखी दादरी (हरियाणा) का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह राजपुरा मोहल्ला, पिलानी में रह रहा था। तलाशी लेने पर पुलिस को उसकी पैंट की बेल्ट में बाईं ओर आगे की तरफ एक अवैध देशी कट्टा मिला। वहीं दाहिनी जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच करने पर कट्टे में एक कारतूस लोड मिला, जिसे सुरक्षित रूप से अनलोड किया गया।
जब पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने का लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगा, तो वह कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। अवैध हथियार रखने का अपराध पाए जाने पर पुलिस ने उसे धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया और एक देशी कट्टा तथा तीन जिंदा कारतूस जब्त कर लिए। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
चिड़ावा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी कैलाशचन्द के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें राजकुमार, दलीप, नरेन्द्र और मुकेश की सक्रिय भूमिका रही।





