आजमगढ़, उत्तर प्रदेश: आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। मंदुरी के पास गन्ना लदी ट्रॉली और पिकअप वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

गोविंद साहब मेले से लौट रही थी पिकअप

मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव के लगभग 24 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर आजमगढ़ और अम्बेडकर नगर जनपद की सीमा पर स्थित गोविंद साहब मेले में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग देर रात पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे।

कैसे हुआ हादसा

कंधरापुर के पास मंदुरी की ओर से एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आजमगढ़ की तरफ आ रही थी। इस दौरान तीव्र गति से आ रही पिकअप ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और 22 अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही कंधरापुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। मृतक महिला की पहचान बचिया देवी, निवासी अमारी, थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना स्थल पर पहुंचे एसपी सिटी शैलेंद्र लाल और सीओ सिटी गौरव शर्मा ने जिला अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!