मंड्रेला: क्षेत्र के लाम्बा गांव में बुधवार को ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। यहां 1 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण दोपहर 2:15 बजे चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य मंच पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू और भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया करेंगे। वहीं जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरि और प्रधान रोहिताश धागड़ विशेष अतिथि रहेंगे।
लाम्बा गांव और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की लंबे समय से बड़ी स्वास्थ्य सुविधा केंद्र की मांग रही थी। अब तक उन्हें इलाज के लिए मंड्रेला, चिड़ावा या झुंझुनूं तक जाना पड़ता था। इस नए स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक चिकित्सा, मातृ-शिशु देखभाल, आपातकालीन सेवाएं और नियमित जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रधान रोहिताश धागड़ ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा देगा और हर वर्ग को राहत मिलेगी।
सरपंच कृष्णा देवी शेखावत ने बताया कि यह केंद्र विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए जीवन रेखा साबित होगा। अब उन्हें नज़दीक ही सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
गांव के बुजुर्गों ने इसे “गांव का स्वर्णिम पल” बताया। ग्रामीणों का कहना है कि अब प्रसूता महिलाओं और बच्चों को समय पर इलाज मिलेगा। हजारों लोग इस स्वास्थ्य केंद्र से लाभान्वित होंगे और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका फायदा मिलेगा।





