भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 195 उम्मीदवारों की इस सूची में कुल 34 ऐसे चेहरे हैं, जिन्हें वर्तमान सांसद की जगह मौका दिया गया है। भाजपा ने जिन सांसदों का टिकट काटा है, उसमें 6 नेताओं की उम्र 70 साल से ज्यादा है। हालांकि, टिकट कटने का एकमात्र पैमाना नेताओं की उम्र नहीं है। अन्य वजहों का भी इसमें योगदान है। भाजपा ने कोई चुनाव नहीं हारने वाले डॉ. हर्षवर्धन को भी टिकट नहीं दिया है। हर्षवर्धन की उम्र 70 साल के करीब है। भाजपा आमतौर पर 70 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को टिकट नहीं देती है।
भाजपा ने जिन नेताओं को टिकट नहीं दिया है, उनमें से तीन नेता (गौतम गंभीर, जयंत सिन्हा और हर्षवर्धन) सक्रिय राजनीति से दूरी बना चुके हैं।मध्य प्रदेश की रीति पाठक विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद सांसद पद से इस्तीफा दे चुकी हैं।
डॉ. हर्षवर्धन ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लिया
भाजपा द्वारा जारी उम्मीदवारों की पहली सूची में नाम नहीं आने के बाद हर्षवर्धन ने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया है। वह कृष्णा नगर में अपने क्लीनिक में ईएनटी सर्जन के रूप में लोगों की सेवाएं करेंगे। पोलियो उन्मूलन और कोरोना टीकाकरण में अहम भूमिका निभाने वाले इस नेता का रिपोर्ट कार्ड शानदार है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि उम्र की वजह से ही उनका पत्ता काटा गया है।
डॉ. हर्षवर्धन की राजनीतिक यात्रा
- दिल्ली से पांच बार विधायक और दो बार सांसद रहे चुके हैं।
- अपने जीवन में कोई भी विधानसभा या लोकसभा चुनाव नहीं हारे।
- पोलियो उन्मूलन और कोरोना टीकाकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- 2017 में स्वास्थ्य मंत्री, 2019 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री और 2020 में पृथ्वी विज्ञान मंत्री बने।
बीजेपी ने इन नेताओं का काटा टिकट
| नाम | उम्र |
|---|---|
| राजदीप रॉय | 53 |
| होरेन सिंग बे | 54 |
| पल्लब लोचन दास | 45 |
| रानी ओझा | 71 |
| रामेश्वर तेली | 53 |
| गुहाराम अजगल्ले | 56 |
| सुनील कुमार सोनी | 62 |
| चुन्नी लाल साहू | 55 |
| मोहन मंडावी | 66 |
| डॉ. हर्षवर्धन | 69 |
| प्रवेश साहिब सिंह वर्मा | 46 |
| मीनाक्षी लेखी | 56 |
| रमेश बिधूड़ी | 62 |
| मोहन कुंडारिया | 72 |
| रमेश धादुक | 61 |
| किरीट सोलंकी | 73 |
| परबत पटेल | 75 |
| रतनसिंह राठौड़ | 64 |
| जयंत सिन्हा | 60 |
| सुदर्शन भगत | 54 |
| विवेक नारायण शेजवलकर | 76 |
| कृष्णपाल सिंह यादव | 48 |
| राजबहादुर सिंह | 56 |
| रमाकांत भार्गव | 70 |
| साध्वी प्रज्ञा सिंह | 54 |
| गुमान सिंह डामोर | 66 |
| रंजीता कोली | 44 |
| राहुल कस्वां | 47 |
| देवजी पटेल | 47 |
| अर्जुन लाल मीणा | 59 |
| कनकमल कटारा | 66 |
| प्रतिमा भौमिक | 54 |
| जॉन बारला | 48 |




