बिल्ली की जान बचाने की कोशिश, बन गई जानलेवा, कुएं में डूबकर खत्म हुआ पूरा परिवार, जानिए कैसे हुआ हादसा?

अहमदनगर, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के वाडकी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात, एक बिल्ली कुएं में गिर गई, जिसके बाद उसे बचाने के प्रयास में एक ही परिवार के चार पुरुषों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण दम घुटने से इन लोगों की जान चली गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बबलू काले, अनिल काले, संदीप काले, माणिक काले और बाबासाहब गायकवाड़ के रूप में हुई है। वहीं, विजय काले नामक एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बायोगैस कुएं में गिरी थी बिल्ली

जानकारी के अनुसार, यह कुआं पहले बायोगैस के लिए इस्तेमाल किया जाता था। इसमें गोबर आदि डालकर बायोगैस बनाई जाती थी। मंगलवार रात, एक बिल्ली इस कुएं में गिर गई। बिल्ली को बचाने के लिए बबलू काले कुएं में उतरे, लेकिन जहरीली गैस के कारण उनकी मौत हो गई। इसके बाद, अनिल काले, संदीप काले, माणिक काले और बाबासाहब गायकवाड़ भी बिल्ली को बचाने के लिए कुएं में उतरे, लेकिन वे भी गैस के कारण दम घुट गए। बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में से 4 पुरुष एक ही परिवार के हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

नेवासा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी धनंजय जाधव ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने कुएं में से कुल 5 लोगों के शव निकाले। इस कुएं में 6 लोग कूदे थे। बबलू काले का भाई विजय काले अपनी कमर में रस्सी बांधकर उतरा था। पुलिस की टीम ने उसे बचा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे से गांव में मातम

इस हादसे से गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरा गांव स्तब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!