चिड़ावा: झुंझुनूं जिले के बामनवास में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की निर्मम हत्या का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस चर्चित हत्याकांड में अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सक्रियता दिखाते हुए पीड़ित परिवार से फोन पर बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी।
दिनेश सहारण ने करवाई सीधी बात
प्राप्त जानकारी के अनुसार झुंझुनूं के आरएलपी नेता दिनेश सहारण ‘फौजी’ जयपुर स्थित हनुमान बेनीवाल के आवास पर पहुंचे। वहीं से उन्होंने मृतक उदयवीर सिंह के बड़े भाई योगेंद्र से सांसद बेनीवाल की फोन पर बात करवाई।
घटना पर नजर, पहले ही भेजी थी टीम
बातचीत के दौरान हनुमान बेनीवाल ने बताया कि घटना के दिन ही उन्होंने दिनेश सहारण सहित अपनी टीम को बामनवास भेज दिया था। उन्होंने कहा कि वह लगातार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही बामनवास पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
29 मार्च को हुई थी दिल दहला देने वाली हत्या, गांव के ही युवक ने किया हमला
गौरतलब है कि 29 मार्च को बामनवास गांव में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की उन्हीं के गांव के अकरम द्वारा धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं जिला पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी अकरम को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पीड़ित परिवार और ग्रामीण आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
गांव में आक्रोश, परिवार को अब न्याय का इंतजार
हत्या के बाद से गांव में गुस्सा और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।





