सिंघाना: कस्बे में गत दिनों एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हो गया था। इस दौरान कृष्णा मैरिज गार्डन के संचालक महेंद्र सैनी पर लाठी-सरिए से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र को जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
30 नवंबर 2025 की देर रात लगभग ढाई बजे गार्डन का गेट बंद किया जा रहा था। उसी दौरान आकाश अग्रवाल, बिरजुराम मावर, मोहन गुर्जर, सचिन, अभिषेक, बलवंत व उनके साथी हथियारों के साथ अंदर घुसे और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
हमले में महेंद्र सैनी के सिर, हाथ-पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें बचाने पहुंचे प्रदीप सिंह निवासी पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड) को भी सिर व हाथ में चोटें लगीं।
जांच में सामने आया कि सिंघाना के व्यवसायी जीवनराम गुप्ता के बेटे की शादी समारोह में ढाणा निवासी बलवंत ने अपने तीन दोस्तों — बिरजु, आकाश और सचिन को बिना बुलाए शामिल कर लिया।
आरोप है कि तीनों आरोपी मेहमानों के खाना खाने के बाद दुल्हन पक्ष की महिलाओं से फोटो खींचने व अशोभनीय हरकत करने लगे। शिकायत पर गार्डन स्टाफ ने उन्हें बाहर निकाल दिया। गुस्से में आरोपी लाठी-सरिए लेकर घात लगाकर बैठ गए और महेंद्र सैनी के गेट पर आते ही हमला कर दिया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर 2 दिसंबर 2025 को आरोपियों को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिरजुराम मावर निवासी ढाणा, बलवंत निवासी ढाणा, बृजमोहन उर्फ मोहन निवासी ईशकपुरा, अभिषेक निवासी ढाणा, सचिन निवासी गोपी (दादरी, हरियाणा) शामिल हैं। बाकी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश जारी है।
कार्रवाई में थाना सिंघाना की टीम, जिसमें सुगन सिंह के साथ रामपत, सुरेंद्र नारवाल, निहाल, मोतीलाल और धर्मवीर शामिल रहे, ने अहम भूमिका निभाई।




