गुढागौड़जी: थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने बजरंग लाल कुमावत (50) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पीड़िता के घर में गलत नजरों से देखने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पीड़िता ने थाना गुढागौड़जी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और उसकी नंद घर में रहते हैं और घर का काम करती हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि छावसरी निवासी बजरंग लाल कुमावत बार-बार उनके घर की ओर गलत नजरों और इशारों से देखता था। आरोपी ने अपने घर की दीवार के ऊपर से पीड़िता के घर में झांककर गंदी नज़रें डालना और शोचालय करते समय भी मुंह उसी दिशा में करना शुरू कर दिया।
करीब डेढ़ महीने पहले आरोपी ने दीवार के ऊपर से घर के अंदर घुसने का प्रयास किया, जिससे पीड़िता और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो गया। पीड़िता ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपने कृत्यों से बाज नहीं आया और धमकियां देने लगा।
गिरफ्तार आरोपी बजरंग लाल पुत्र मगाराम कुमावत, उम्र 50 वर्ष, निवासी छावसरी थाना गुढागौड़जी जिला झुंझुनू, का पुलिस रिकॉर्ड शून्य है।
टीम ने आरोपी बजरंग लाल को ग्राम छावसरी से गिरफ्तार किया और प्रकरण में पूछताछ के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की।





