पिलानी: के NH-709 पर रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब आई-20 और Venu कार की जोरदार भिड़ंत में चूरू के बरासर निवासी सुरेश की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पर बढ़ते हादसों ने एक बार फिर प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिलानी में NH-709 पर शाम करीब 4:30 बजे हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ा एक युवक फोटो खींच रहा था। उसे बचाने की कोशिश में आई-20 और Venu कार के चालक अचानक नियंत्रण खो बैठे और दोनों वाहन जोरदार टक्कर के साथ आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह चकनाचूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार सभी लोग चूरू जिले के बरासर गाँव से सूरजगढ़ में होने वाली एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में 35 वर्षीय सुरेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि सत्यवीर, मुकेश और निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एक क्रूजर वाहन से पिलानी अस्पताल पहुँचाया।
पिलानी के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया। हालांकि सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया। सत्यवीर, मुकेश और निखिल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को बचाने के चक्कर में दोनों कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए। पुलिस इस दर्दनाक दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।




