समाचार झुंझुनूं 24
पल-पल की खबर
☰ कैटेगरी

पिलानी में 1 ही रात में 2 ने की आत्महत्या: पिलानी के चन्द्र प्रकाश शर्मा और बेरी के अजय वाल्मीकि ने लगाई फांसी

पिलानी, 21 जुलाई: पिलानी में बीती रात 2 अलग-अलग जगह पर 2 लोगों द्वारा आत्महत्या कर लेने की घटनाएं सामने आई हैं। पिलानी में चन्द्र प्रकाश शर्मा और बेरी ग्राम पंचायत के अजय कुमार वाल्मीकि ने फांसी लगा ली। परिजनों को आत्महत्या का पता लगने पर दोनों के शवों को पिलानी के निजी अस्पताल लाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिलानी में संतोषी माता मन्दिर के पास रहने वाले चन्द्र प्रकाश शर्मा (52 वर्ष) ने रात 1:30 बजे के आसपास अपने घर पर ही फांसी लगा ली। रविवार शाम को ही वे पिलानी के ही एक अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से उपचार के लिए भर्ती अपनी सास को डिस्चार्ज करवा कर अपने घर लाए थे। साथ में उनके साले का बेटा भी घर आया हुआ था। रात को सभी ने साथ में ही खाना खाया था और 11:30 बजे तक वे अपने दोनों बेटों और पत्नी के साथ आराम से बातें कर रहे थे। इसके बाद सभी सोने के लिए अपने-अपने कमरों में चले गए। इसके बाद रात में ही उन्होंने फांसी लगा ली। सुबह परिजनों को पता लगने पर हड़कंप मच गया। बाद में शव को अस्पताल लाया गया और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। चन्द्र प्रकाश शर्मा को परिचित पाटिल के नाम से जानते थे। घर के बाहर ही उनका अपना जनरल स्टोर था, जिसे वो अपने दोनों बेटों के साथ संभालते थे। बताया जा रहा है कि लगभग 2 वर्ष से वे डिप्रेशन से जूझ रहे थे और एम्स दिल्ली से उनका ट्रीटमेंट चल रहा था।

Advertisement's
Advertisement’s

बेरी में 20 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा

बेरी ग्राम पंचायत के अजय कुमार वाल्मीकि (22 वर्ष) पुत्र विजय कुमार ने भी फांसी लगा कर अपनी जान दे दी। जानकारी मिली है कि अजय रात को घर की छत पर बैठा था और मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसके बाद रात लगभग 10:30 बजे उसने फांसी लगा ली। परिजनों को रात में वो कहीं नजर नहीं आया, तब उसे अड़ोस-पड़ौस में तलाशा गया। बाद में छत पर बने कमरे में ही वो फंदे से लटका हुआ मिला। अजय शादीशुदा था, 2 बच्चे भी हैं उसके। कुछ समय पूर्व उसके बड़े भाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद बड़े भाई की पत्नी के साथ ही उसकी शादी कर दी गई थी। पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ पीहर गई हुई थी। पिता विजय मजदूरी के लिए गया हुआ था। घर पर रात को अजय के अलावा उसकी मां ही थी। बेटे की आत्महत्या का पता लगने पर मां बेसुध हो गई। बाद में रिश्तेदार व अन्य लोग रात में ही अजय को पिलानी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।