पिलानी: कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल टीचर की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब महिला टीचर अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए स्कूल जा रही थी। चिड़ावा रोड़ पर बाईपास तिराहे पर उनकी स्कूटी की टक्कर एक बोलेरो गाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अध्यापिका हवा में उछल कर 10 फीट दूर जाकर गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि अध्यापिका दमयंती चांवरिया स्कूटी से अपने चिड़ावा रोड़ स्थित आवास से ड्यूटी के लिए जा रही थी, तभी पिलानी-लोहारू बाईपास पर सामने से आ रही एक बोलेरो गाड़ी से टक्कर हो गई, जिसमें अध्यापिका की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका दमयंती चांवरिया (45 वर्ष) तृतीय श्रेणी अध्यापिका थी और उनकी पोस्टिंग सेडू की ढाणी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में थी। मृतका के पति विक्रम चांवरिया गवर्मेंट कॉलेज चिड़ावा में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनके 2 बच्चे हैं, बेटा कॉलेज में पढ़ रहा है जबकि बेटी का एक दिन पहले ही 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम आया है। परिवार के सभी लोग मंगलवार को एक बर्थडे पार्टी में टोंक जाकर आए थे।
जिस गाड़ी से दमयंती चांवरिया का एक्सीडेंट हुआ उसे बाईपास स्थित लक्ष्मी कॉलोनी के मनोज सैनी ड्राइव कर रहे थे। मनोज सैनी चिड़ावा की राजकला स्कूल में पदस्थ हैं और वे भी सुबह ड्यूटी पर ही जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
दुर्घटना के बाद मनोज सैनी ने ही दमयंती चांवरिया को अन्य लोगों की मदद से बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बाद में मनोज सैनी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को दुर्घटनास्थल से हटवा कर जब्त कर लिया।
बता दें कि प्रदेश में आज से ही स्कूलों का नया सत्र प्रारंभ हुआ है और समय भी 10 बजे से बदल कर 7 बजे का किया गया है। अध्यापिका दमयंती चांवरिया का आज स्कूल में नये सत्र का पहला ही दिन था, जो उनके जीवन का आखिरी दिन साबित हुआ। उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में है।





