पिलानी, 28 जनवरी: राष्ट्रीय जाट महासंघ के कार्यकर्ताओं द्वारा आज लोकदेवता श्री वीर तेजाजी महाराज की 952 वीं जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राजेन्द्र सिहाग ने की।
महासंघ के पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष विरेन्द्र पूनिया एवं ब्लॉक प्रभारी अत्तर सिंह काजला ने कार्यक्रम में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा गौ रक्षक, किसानों के अराध्यदेव, सत्यवादी तथा वचन का पालन करने वाला बताया। वक्ताओं ने सभी से लोकदेवता तेजाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रीय जाट महासंघ के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से राजस्थान में जाट समाज के उत्थान के लिए वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड को स्पेशल बजट देने की मांग की है। ब्लॉक अध्यक्ष विरेन्द्र पूनिया ने बताया कि कार्यकर्ता इसके लिए बाकायदा हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे तथा जिले में आने वाले सभी मंत्रियों को इसके लिए ज्ञापन भी दिये जाएंगे।
इस अवसर पर हरपाल सिंह पूनिया, दुलीचंद लमोरिया, विद्याधर नेहरा, सत्यवीर सिंह गरसा, उम्मेद सिंह धत्तरवाल, घड़सीराम, महेंद्र जाखड़, सुरेश नेहरा, सत्यवीर सिंह भगासरा, मोहरसिंह नेहरा, विरेन्द्र सिहाग एवं नित्यानंद पूनिया सहित समाज के अन्य प्रबुद्धजन भी मौजूद रहे।