बुहाना, 9 मई 2025: सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को दो उल्लेखनीय योजनाओं का शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय परिसर में एक ओपन जिम की शुरुआत की गई, जो विद्यार्थियों, शिक्षकों और आसपास के ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खोला गया है।

इस अवसर पर चेयरमैन रवि सिंघानिया, सोनल सिंघानिया और विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज कुमार की उपस्थिति रही। कैंपस डायरेक्टर पी. एस. जस्सल ने कहा कि यह जिम छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक सिद्ध होगा और यह विश्वविद्यालय की समग्र शिक्षा नीति का हिस्सा है।
इसी क्रम में, सिंघानिया संस्था ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत पचेरी बड़ी स्थित पं. ताड़केश्वर शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 किलोवॉट की सौर ऊर्जा प्रणाली दान की। इस ग्रीन एनर्जी सोलर प्लांट से विद्यालय की विद्युत आवश्यकताओं को पर्यावरण के अनुकूल ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
विद्यालय में आयोजित विशेष समारोह में चेयरमैन रवि सिंघानिया, सोनल सिंघानिया और अन्य प्रतिनिधियों को ग्रामीण शिक्षा और सतत विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में रवि सिंघानिया ने कहा कि यह प्रयास ग्रामीण छात्रों को स्वच्छ ऊर्जा की ओर प्रेरित करेगा और संस्था भविष्य में भी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि सिंघानिया विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने में विश्वास रखता है और यह आयोजन इसी सोच का उदाहरण है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की पहलों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एवं मुख्य वित्त अधिकारी सुनील कुमार सोबती, ग्राम सरपंच सविता बोहरा, पूर्व सरपंच ओम प्रकाश बोहरा, आस-पास के विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, स्थानीय भामाशाह, पत्रकार, विद्यार्थी और उनके अभिभावक शामिल हुए। सभी ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
यह आयोजन न केवल सतत विकास की दिशा में एक मजबूत कदम था, बल्कि शिक्षा संस्थानों द्वारा सामाजिक दायित्वों को निभाने की दिशा में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।