झुंझुनूं: गोवंश संरक्षण और गो-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत 26 दिसंबर 2025 को झुंझुनूं में एक शांतिपूर्ण जन-आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने इसे सामाजिक और नैतिक चेतना से जुड़ा पावन अभियान बताते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से सहभागिता का आह्वान किया है।
अभियान के तहत कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025, गुरुवार को दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन चंचल नाथ का टीला, जमुना रिसोर्ट के सामने, रोड नंबर 3, झुंझुनूं (राजस्थान) में किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य किसी संस्था, संगठन या व्यक्ति विशेष का प्रचार नहीं, बल्कि गोवंश को सम्मान दिलाने और देशभर में गो-हत्या पर सख्त रोक लगाने की सामूहिक मांग को मजबूती देना है। कार्यक्रम में ना कोई मंच होगा, ना माइक, ना कोई मुख्य वक्ता या कलाकार, और न ही किसी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसे पूर्णतः गैर-राजनीतिक और गैर-प्रचारात्मक रखा जाएगा।
अभियान से जुड़े संदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह आंदोलन बिना किसी नाम, पद, बैनर या चेहरे के होगा, ताकि मूल उद्देश्य—गो-सम्मान—पर ही समाज का ध्यान केंद्रित रहे।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए संपर्क सूत्रों में ओम ताथ महाराज, सतीश गजराज, विकास पुरोहित और प्रवीण योगी शामिल हैं। आयोजकों ने नागरिकों से समय का विशेष ध्यान रखने और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।





