चिड़ावा: रेल सुविधाओं के विस्तार और दैनिक यात्रियों की परेशानी को देखते हुए चिड़ावा रेल यात्री संघ की ओर से नई ट्रेन सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन झुंझुनूं आगमन के दौरान केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सौंपा गया।

संघ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व देवेंद्र वर्मा ने किया, जिनके साथ राधे आर्यन, विजेंदर और राजेंद्र भी मौजूद रहे। ज्ञापन में मांग की गई कि जोधपुर से दिल्ली के बीच एक नई ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाए, जिसका मार्ग डेगाना, फुलेरा, रींगस, सीकर, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू और रेवाड़ी होते हुए दिल्ली तक प्रस्तावित किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन अभी तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी है। इससे यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलनी पड़ती है या वैकल्पिक माध्यमों का सहारा लेना पड़ता है। इसलिए लंबे समय से इस क्षेत्र में एक नियमित रेल सेवा की मांग उठती रही है।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि जोधपुर से दिल्ली के लिए इस मार्ग पर एक नई ट्रेन की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और संचालन की दिशा में कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर इस सेवा की शुरुआत की जाएगी।

रेल यात्री संघ का कहना है कि यह ट्रेन झुंझुनूं, चिड़ावा जैसे शेखावाटी अंचल के महत्वपूर्ण कस्बों को न केवल दिल्ली और जोधपुर से जोड़ेगी, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी इजाफा करेगी। स्थानीय नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही नई ट्रेन सेवा शुरू होगी, जिससे लोगों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!