नई दिल्ली: दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा के दौरान एक शख्स ने उन पर लिक्विड फेंकने की कोशिश की। यह घटना रविवार दोपहर की है, जब केजरीवाल पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ क्षेत्र में पदयात्रा कर रहे थे। इस दौरान उनके सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश करार दिया। पार्टी का कहना है कि भाजपा उनकी लोकप्रियता से घबराई हुई है और इस तरह की घटनाओं से लोकतांत्रिक माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही है।
आप ने भाजपा पर साधा निशाना, गृह मंत्री पर लगाए सवाल
आप पार्टी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे भाजपा की बौखलाहट बताया। पार्टी ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है और गृह मंत्री अमित शाह इस जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। पार्टी प्रवक्ता ने कहा, “अगर राष्ट्रीय राजधानी में एक पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? भाजपा दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल है।”
सौरभ भारद्वाज का बयान: कानून व्यवस्था ध्वस्त
दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “भाजपा नेता सभी राज्यों में रैलियां करते हैं, लेकिन उन पर कभी हमला नहीं होता। अरविंद केजरीवाल पर बार-बार हमले हो रहे हैं। इससे साफ होता है कि दिल्ली में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। केंद्र सरकार और गृह मंत्री चुप्पी साधे हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि नांगलोई और छतरपुर में पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस बार भाजपा ने हद पार कर दी है।
मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा पर साधा निशाना
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने इस घटना पर कड़ा बयान देते हुए कहा, “भाजपा चुनावी हार की बौखलाहट में अरविंद केजरीवाल पर हमला करवा रही है। भाजपा को दिल्ली की जनता इसका जवाब देगी। पिछले चुनाव में उनकी आठ सीटें आई थीं, लेकिन इस बार जनता उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा करेगी।”
#WATCH | A person tried to throw a liquid on former Delhi CM and AAP National Convenor Arvind Kejriwal during his padyatra in Delhi's Greater Kailash area.
— ANI (@ANI) November 30, 2024
The person was later held by his security staff. pic.twitter.com/9c9MhzLEzj
राघव चड्ढा ने की घटना की निंदा
आप सांसद राघव चड्ढा ने इसे लोकतांत्रिक राजनीति के लिए काला दिन करार दिया। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल पर हुआ हमला कायराना है। यह भाजपा की हताशा को दर्शाता है। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। अरविंद केजरीवाल पर करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है। ‘जाको राखे साइयां मार सके ना कोय।’
पुलिस की जांच जारी, आरोपी से पूछताछ
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का आश्वासन दिया है और मामले की जांच तेजी से पूरी करने की बात कही है।
आप की अपील: राजनीति में शुचिता बनाए रखें
आम आदमी पार्टी ने इस घटना के बाद सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि राजनीति में शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान बनाए रखें। पार्टी ने कहा कि यह घटना न केवल अरविंद केजरीवाल पर, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी हमला है।