झुंझुनूं: जिले के चतरपुरा गांव के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में पुलकित नामक युवक की मौत हो गई। जिम जाने निकले युवक की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी और अधूरे पुल निर्माण व बिना संकेतक ब्रेकर को जिम्मेदार ठहराया।
सुबह करीब 7 बजे पुलकित अपनी बाइक से जिम जाने निकला था। नेशनल हाईवे-11 पर दुराना गांव की पुलिया के पास बने बिना संकेतक वाले ब्रेकर पर उसकी बाइक को पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और पुलकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर अधूरे पड़े निर्माण कार्य और बिना सांकेतिक ब्रेकर के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। चालक की धुनाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुराना गांव के पास पुल निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। साथ ही बिना चेतावनी बोर्ड या संकेतक के ब्रेकर बनाए गए हैं, जिनकी वजह से अक्सर तेज रफ्तार वाहनों से जानलेवा हादसे होते रहते हैं।





