झुंझुनूं, 13 नवम्बर: जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव ने बुधवार को पंचायत समिति झुंझुनूं के अधीन आने वाली कई ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और मनरेगा व विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी और संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत दोरासर में निर्माण कार्यों की जांच
सीईओ यादव ने ग्राम पंचायत दोरासर में राजस्व ग्राम खतेहपुरा स्थित शहीद श्रीराम गावड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा कक्ष मय बरामदा निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति पर संतोष जताते हुए कुछ आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मनरेगा योजना के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेघवाल बस्ती दोरासर में पौधशाला निर्माण कार्य और वन विभाग नर्सरी दोरासर का भी निरीक्षण किया। मौके पर श्रमिकों की अनुपस्थिति और गार्ड द्वारा गलत जानकारी देने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को ग्राम स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए, ताकि गांव का पर्यावरण साफ-सुथरा और स्वच्छ बना रहे।
कुलोद कलां में चारागाह और विद्यालय विकास कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कुलोद कलां में यादव ने राजस्व ग्राम अजाड़ी खुर्द और संजय कॉलोनी चारागाह भूमि में चल रहे चारागाह विकास व वृक्षारोपण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अजाड़ी खुर्द श्मशान भूमि में विकसित की जा रही पंचायत पौधशाला और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजाड़ी खुर्द में कक्षा कक्ष मय बरामदा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी समीक्षा की।
उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों। यादव ने विशेष रूप से नालियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और सरकारी भवनों की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा।
ग्राम पंचायत पातुसरी में स्वच्छता व आवास कार्यों पर सख्त रुख
ग्राम पंचायत पातुसरी में निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनरेगा योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में पौधशाला निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों और राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पातुसरी में अतिरिक्त वार्ड निर्माण कार्य की समीक्षा की।
गांव में सड़क पर पानी भरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए ग्राम विकास अधिकारी और सरपंच को तत्काल जल निकासी के उपाय करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता अभियान के तहत किसी भी ग्राम पंचायत में गंदगी की स्थिति नहीं रहनी चाहिए, यह हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।”
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विजेंद्र सिंह ढाका, विकास अधिकारी सीताराम, समन्वयक श्याम प्रकाश सहित जिला व ब्लॉक स्तर के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






