झुंझुनूं: जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टरों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। मेहाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र में आतंक फैलाने वाली गैंग के इनामी अपराधी हेमंत मान को गिरफ्तार किया। इससे पहले इसी गैंग के सक्रिय सदस्य लोकेश उर्फ लक्की उर्फ शूटर को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है, जिसके पास से 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और हथियारों के सप्लायरों की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक ब्रजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी खेतड़ी जुल्फीकार अली की निगरानी में थानाधिकारी राममनोहर द्वारा गठित टीम लगातार अपराधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी अभियान के दौरान 5000 के इनामी आरोपी हेमंत मान को गिरफ्तार किया गया। यह मेहाड़ा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और अवैध खनन, रंगदारी, धमकी व फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल रहा है।

18 नवंबर 2025 को पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर सूचना से आरोपी लोकेश उर्फ लक्की उर्फ शूटर को पकड़ा गया था, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। उसकी तलाशी में 5 जिंदा कारतूस मिले, जिनके लिए वह कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाया। पूछताछ में उसने कबूला कि वह हेमंत मान के साथ हथियारों की खरीद-फरोख्त कर धमकी और फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाता है। लोकेश शूटर पर हत्या, हत्या प्रयास, आर्म्स एक्ट और फायरिंग जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी टीम ने उसके गांव एवं आसपास तलाश की। पुलिस की भनक लगने पर हेमंत रामेश्वरदास रोड पर फरार होने की कोशिश कर रहा था। टीम ने पीछा कर उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने गैंग से जुड़े अन्य अपराधों और हथियार माफिया के संबंधों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों और हथियार सप्लायर्स की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर अब तक हत्या प्रयास, अवैध हथियार, अवैध खनन और रंगदारी जैसे 7 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!