झुंझुनूं में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, टिन शेड लगाते समय हुआ हादसा, घटना सीसीटीवी में कैद

झुंझुनूं: शहर के केके कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में युवक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक मकान की छत पर टिन शेड लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान एक पाइप अनजाने में ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से स्पर्श कर गया, जिससे करंट लगने से युवक झुलस गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद हुसैन के रूप में हुई है, जो उस्मान गनी का पुत्र था और वार्ड संख्या 52, आदर्श नगर गुंगिया बढ़ के पास झुंझुनूं का निवासी था। उसका गुढ़ा रोड पर बेल्डिंग का कार्यस्थल है। बुधवार सुबह वह केके कॉलोनी स्थित परवेज के मकान की दूसरी मंजिल पर टिन शेड लगाने पहुंचा था।

हादसे के समय मोहम्मद हुसैन टेम्पो से लोहे के पाइप निकालकर छत पर चढ़ा रहा था। इस दौरान एक पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से छू गया। विद्युत संपर्क होते ही उसे करंट लग गया और वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा सुबह लगभग 10 बजकर 59 मिनट पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से जानकारी मिली कि करंट लगने से एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया है, जिसकी मृत्यु हो गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही परिजन शिकायत देंगे, पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!