झुंझुनूं, 19 अक्टूबर 2024: झुंझुनूं जिले के चंद्रपुरा (नुआ) गांव की बहू और मालुपुरा की बेटी वंदना महला को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदोन्नत होने पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। वंदना वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में सीएफएल यूनिट की कमांड कर रही हैं, जो एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
वंदना महला के पति लेफ्टिनेंट कर्नल रवींद्र सिंह महला इस समय लद्दाख में बीसीसी यूनिट को कमांड कर रहे हैं। उनके परिवार में पहले भी भारतीय सेना की सेवा का समृद्ध इतिहास रहा है। वंदना के ससुर, कप्तान शुभकरण सिंह महला और पिताजी, मेजर प्रताप सिंह बालायन, दोनों ही भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वंदना की पदोन्नति पर उनके परिवार और गांववासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष, शुभकरण महला ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है और वंदना की सफलता ने क्षेत्र की बेटियों को प्रेरणा दी है।






