झुंझुनूं के 40 किसान सीखेंगे देश की आधुनिक खेती, हरियाणा से उत्तराखंड तक सात दिन का कृषक भ्रमण दल रवाना

झुंझुनूं: जिले के किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी खेती से जोड़ने की दिशा में आत्मा योजना के तहत बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के 40 चयनित कृषकों का सात दिवसीय कृषक भ्रमण दल 4 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों व अनुसंधान संस्थानों का दौरा करेगा। इस भ्रमण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और पशुपालन नवाचारों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में खेती की उत्पादकता और आय बढ़ा सकें।

आत्मा योजनान्तर्गत आयोजित इस कृषक भ्रमण दल को आत्मा कार्यालय झुंझुनूं के सामने से उप निदेशक कृषि एवं परियोजना निदेशक आत्मा शीशराम जाखड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि यह भ्रमण किसानों को प्रयोगात्मक और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है, जिससे किसान खेती में जोखिम कम कर लागत घटा सकते हैं और उत्पादन बढ़ा सकते हैं।

सात दिवसीय भ्रमण के दौरान किसान चौधरी चरण सिंह कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय, केन्द्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान हिसार, नेशनल डेयरी अनुसंधान संस्थान, गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान और केन्द्रीय लवणता अनुसंधान संस्थान करनाल का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में केन्द्रीय आलू अनुसंधान संस्थान शिमला और डॉ. वाई.एस. परमार उद्यानिकी विश्वविद्यालय सोलन, उत्तराखंड में केन्द्रीय मृदा एवं जल संरक्षण अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान देहरादून तथा उत्तर प्रदेश में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ और राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती अनुसंधान संस्थान गाजियाबाद का भ्रमण किया जाएगा।

उप निदेशक कृषि शीशराम जाखड़ के अनुसार भ्रमण के दौरान किसान जोखिम प्रबंधन, लागत में कमी, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीटनाशी प्रबंधन, जल एवं मृदा संरक्षण, वर्षा जल संचयन, लवणीय जल में कृषि गतिविधियां, उद्यानिकी फसलों का उन्नत उत्पादन, प्राकृतिक और जैविक खेती की तकनीक, पशु संवर्धन, उन्नत नस्लों की पहचान, दुग्ध उत्पादन प्रबंधन, कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और मशरूम उत्पादन जैसी आधुनिक कृषि विधियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

भ्रमण दल की रवानगी के समय उप परियोजना निदेशक आत्मा प्रमोद कुमार, सहायक कृषि अधिकारी प्रेम कुमार, कृषि पर्यवेक्षक राकेश कुमार कटेवा, विजय ढाका, तपेश कुमार और रीतेश कुमार सहित सभी 40 कृषक मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान प्रेम कुमार और राकेश कुमार कटेवा को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो पूरे भ्रमण में किसानों के साथ रहकर मार्गदर्शन करेंगे।

कृषि विभाग का मानना है कि इस भ्रमण से किसान आधुनिक कृषि नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे और झुंझुनूं जिले में टिकाऊ, लाभकारी और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!