जैसलमेर में ट्यूबवेल की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा: अचानक फव्वारे की तरह निकला पानी, ट्रक समा गया, खेत बना तालाब, देखें वायरल वीडियो

वायरल वीडियो: राजस्थान के जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में ट्यूबवेल की खुदाई के दौरान एक अप्रत्याशित घटना घटी, जिसने सभी को हैरान कर दिया। चक 27 बीडी क्षेत्र में विक्रम सिंह के खेत में ट्यूबवेल की खुदाई के लिए मशीन लगाई गई थी। खुदाई के दौरान अचानक जमीन से तेज फव्वारे की तरह पानी निकलने लगा, जिससे पूरा खेत तालाब में बदल गया। इस दौरान खुदाई में लगा ट्रक भी पानी में समा गया।

800 फीट गहराई पर हो रही थी खुदाई

मिली जानकारी के अनुसार, ट्यूबवेल की खुदाई करीब 800 फीट गहराई तक की जा रही थी। इस दौरान जब खुदाई के लिए पाइप निकाली जा रही थी, तो अचानक पानी तेजी से ऊपर आने लगा। देखते ही देखते खेत में पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि खुदाई के लिए लगी मशीन का ट्रक भी उसमें डूब गया। पानी का प्रवाह इतना तेज था कि आसपास के खेत भी पूरी तरह जलमग्न हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों में मचा हड़कंप

घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही पाइप निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई, पानी फव्वारे की तरह निकलने लगा। यह दृश्य देखकर सभी लोग हैरान रह गए। पानी का तेज प्रवाह रुकने का नाम नहीं ले रहा था, जिससे पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस अद्भुत घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे सरस्वती नदी के पुनरुत्थान से जोड़कर देख रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे अचानक पानी का प्रवाह बढ़ता है और खुदाई में लगी मशीन व ट्रक पानी में डूब जाते हैं।

सरस्वती नदी से जुड़ने की संभावना

इस घटना की जानकारी मिलने पर भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास ईणखिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे भूजल प्रवाह का एक असामान्य उदाहरण बताया। डॉ. ईणखिया ने संभावना जताई कि यह घटना प्राचीन सरस्वती नदी के चैनल से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सरस्वती नदी के प्राचीन प्रवाह के संकेत मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!